“हमें विरासत में जो मिला है, उसे अगली पीढ़ी के लिए बेहतर बनाकर देना हमारी जिम्मेदारी”: डॉ. आर. पी. सिंह

गाजीपुर। पर्यावरण संरक्षण, युवाओं की भागीदारी और पूर्वांचल के सतत विकास की संभावनाओं को केंद्र में रखते हुए गाजीपुर में ‘Gen Z For Greener Tomorrow’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, TERI, पी.जी. कॉलेज गाजीपुर, आदर्श इंटर कॉलेज, कृषि विज्ञान केंद्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 1000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आर. पी. सिंह ने वृक्षारोपण महायज्ञ 2026 के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत शिव वाटिका उद्यान में नारियल का पौधा रोपित किया। इसके साथ ही उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से शिव वाटिका में 100 पौधे रोपे गए, जिससे कार्यक्रम का संदेश केवल मंच तक सीमित न रहकर धरातल पर भी दिखाई दिया।

युवा शक्ति को सतत विकास की ताकत बनाने का आह्वान

अपने संबोधन में डॉ. आर. पी. सिंह ने कहा कि “हमें विरासत में जो मिला है, उसे अगली पीढ़ी के लिए बेहतर बनाकर देना हमारी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, तकनीकी समझ और नवाचार पूर्वांचल की विकास यात्रा को नई दिशा दे सकते हैं।

उन्होंने Gen Z की क्षमता और पूर्वांचल की अपार विकास संभावनाओं की सराहना करते हुए कहा कि यदि युवा पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या और विकास की सोच का हिस्सा बनाएं, तो क्षेत्र को सतत एवं संतुलित विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ाया जा सकता है।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक, पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने पर जोर

कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. सिंह ने प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने बायोडिग्रेडेबल एवं कम्पोस्टेबल प्लास्टिक तथा PLA आधारित उत्पादों को अपनाने पर भी जोर दिया।

श्री अजीत कुमार सिंह ने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का सक्रिय प्रहरी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कपड़े अथवा जूट के थैलों का इस्तेमाल, प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण और पुनर्चक्रण जैसे छोटे-छोटे कदम मिलकर बड़े पर्यावरणीय बदलाव का आधार बन सकते हैं।

सब्जी मंडी से विकास भवन तक गूंजा जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के तहत NSS विद्यार्थियों ने गोराबाजार सब्जी मंडी में स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया। इसके बाद NSS, NCC, स्काउट्स-गाइड्स तथा रोवर्स-रेंजर्स के विद्यार्थियों ने TERI पी.जी. कॉलेज मैदान से विकास भवन तक जागरूकता रैली निकाली।

रैली में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त समाज से जुड़े संदेशों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात उन्होंने स्वर्गीय बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

शिक्षा संस्थानों ने दिखाई पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अपर महाअधिवक्ता श्री अजीत प्रताप सिंह, डीएफओ गाजीपुर श्री अजीत सिंह, TERI इंस्टीट्यूट के निदेशक एवं प्राचार्य तथा यूपीपीसीबी वाराणसी के क्षेत्रीय अधिकारी श्री रोहित कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्राचार्य प्रो. (डा.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डा. अमित प्रताप ने किया। इस अवसर पर श्री संजय भटनागर, श्री राणा प्रताप सिंह, श्री संजीव सिंह, डा. बालेश्वर सिंह, डा. विनोद सिंह, श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव, डा. दिनेश सिंह, डा. अजातशत्रु सिंह, श्री पीयूष सिंह, डॉ. दुर्गेश कुमार सिंह, डा. सुभाष चन्द्र गुप्त, कमला प्रसाद गुप्त सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि युवा पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानकर आगे बढ़ें, तो ‘ग्रीनर टुमॉरो’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पूर्वांचल के विकास की नई पहचान बन सकता है।