गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ओवरस्पीडिंग के कारण होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से जनपद में यातायात पुलिस द्वारा प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश की ओर से गाजीपुर को दो आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन (रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल) उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों की मदद से तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी और कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात के नेतृत्व में अभियान के दौरान कुल 4,682 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 651 वाहनों के चालान किए गए तथा कुल 5,15,075 रुपये का शमन अधिरोपित किया गया।
कार्रवाई के दौरान ओवरस्पीडिंग के 5, हेलमेट न लगाने के 409, रॉन्ग साइड के 20, वायु प्रदूषण के 3 तथा प्रेशर हॉर्न के 3 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त एक वाहन को सीज किया गया।
पुलिस द्वारा कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना और ओवरस्पीडिंग व लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब नियम तोड़ने वालों पर सख्ती के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दे रहा है।

