गाजीपुर। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने के उद्देश्य से उपकेंद्र महाराजगंज, गाजीपुर के अंतर्गत "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत 51 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बिजली विभाग के अवर अभियंता रविन्द्र नाथ सिंह ने किया। इस दौरान विभागीय कर्मचारियों और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अवर अभियंता रविन्द्र नाथ सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण देने का संकल्प है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी संजय यादव ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी का अमूल्य धरोहर हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से इस अभियान से जुड़ने और अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में विभाग के कर्मचारी सच्चिदानंद, संजय सिंह यादव, शिवप्रकाश, बिट्टू सहित अन्य कर्मचारियों ने भी पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में अवर अभियंता रविन्द्र नाथ सिंह ने सभी से अपील करते हुए कहा कि "अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और लगाए गए पौधों को बचाएं। यही पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।"

