गाजीपुर। शहर के प्रमुख बाजारों में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न भीषण जाम की समस्या को लेकर पत्रकार बंधुओं एवं जागरूक नागरिकों ने उप जिला अधिकारी (एसडीएम) का ध्यान आकर्षित किया है। उनका कहना है कि लंका, विशेश्वरगंज और रौजा तिराहा जैसे व्यस्त बाजारों में सड़क किनारे ठेला, खुमचा और अस्थायी दुकानों के कारण आम लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


आरोप है कि सड़क के बड़े हिस्से पर अवैध कब्जे के चलते हर दिन लंबा जाम लग रहा है, जिससे विद्यार्थी, व्यापारी, महिलाएं, बुजुर्ग और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों की जान तक जोखिम में पड़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

पत्रकारों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग किया है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित और निष्पक्ष अभियान चलाया जाए। शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनाई जाए।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी तेजी और प्रभावशीलता से कार्रवाई करता है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो बढ़ता अतिक्रमण और जाम आने वाले दिनों में शहर की सबसे बड़ी नागरिक समस्या बन सकता है।

इस अवसर पर यूनाइटेड मीडिया के जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता के साथ विश्व बंधु कमांडर, उपेन्द्र यादव, मनीष गुप्ता, राहुल सिंह, डॉ. बीएन तिवारी और सुनील गुप्ता इत्यादि लोग उपस्थित रहे।