41.6 किमी लंबी परियोजना से गाजीपुर-चंदौली समेत पूर्वांचल को मिलेगी रफ्तार, लाखों लोगों को होगा सीधा लाभ

नई दिल्ली/गाजीपुर। पूर्वांचल के बहुप्रतीक्षित महाराजगंज (गाजीपुर)–जमानिया–सैयदराजा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने बड़ा कदम उठाया है। सांसद ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर परियोजना के लिए शीघ्र बजट आवंटित करने और निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 (पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-97) से जुड़ी यह महत्वपूर्ण परियोजना वर्ष 2019-20 में स्वीकृत की गई थी। करीब 41.6 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे चंदौली जिले के 39 और गाजीपुर जिले के 21 गांवों से होकर गुजरेगा।

पूर्वांचल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से गाजीपुर, चंदौली, जमानिया, सैयदराजा सहित आसपास के बड़े क्षेत्र को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। इसका लाभ पूर्वांचल के साथ-साथ बिहार तक के लाखों लोगों को मिल सकता है। आधुनिक सड़क संपर्क से यात्रा का समय और दूरी कम होने के साथ व्यापार, निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।

डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि यह महज सड़क निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि पूर्वांचल के आर्थिक और सामाजिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना है। इसके पूरा होने से आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी।

बजट मिलते ही निर्माण शुरू कराने की मांग

सांसद ने केंद्रीय मंत्री से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि जल्द उपलब्ध कराने तथा निर्माण प्रक्रिया को गति देने का अनुरोध किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।

बताया गया कि डॉ. संगीता बलवंत लगातार संसद और केंद्रीय मंत्रालयों के स्तर पर गाजीपुर एवं पूर्वांचल से जुड़े विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही हैं। सड़क, परिवहन, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर उनके प्रयास लगातार जारी हैं।

गडकरी ने दिया शीघ्र कार्रवाई का भरोसा

सांसद के पत्र पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। ऐसे में लंबे समय से अपेक्षित इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लेकर क्षेत्रवासियों की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई हैं।

यदि परियोजना को बजट और निर्माण की हरी झंडी मिलती है तो यह गाजीपुर-चंदौली ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए कनेक्टिविटी और विकास के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकती है।