गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया द्वारा घोषित नए क्षेत्रीय पदाधिकारियों में गाजीपुर जिले के तीन अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और हर्ष का माहौल है। पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, जबकि भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर एवं डॉ. विजय यादव को क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय भानुप्रताप सिंह ने बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, सदस्यता प्रमुख सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वे जिले में सर्वाधिक लंबे कार्यकाल तक जिलाध्यक्ष रहने वाले नेताओं में भी शामिल रहे हैं। संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली के आधार पर उन्हें क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं राजेश राजभर को संगठन में कार्य करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष से लेकर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
इसी क्रम में डॉ. विजय यादव भी संगठन के अनुभवी कार्यकर्ता माने जाते हैं। किसान मोर्चा में प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष के साथ-साथ विधानसभा प्रभारी सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों पर कार्य कर चुके डॉ. यादव को क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
“अनुभव और संगठन निष्ठा से भाजपा होगी और मजबूत”
नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तीनों नेताओं का लंबा संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत जुड़ाव और पार्टी के प्रति निष्ठा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इनके अनुभव और सक्रियता से गाजीपुर जनपद में भारतीय जनता पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारियों के साथ तीनों नेता संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



