मनिहारी, गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को विकासखंड मनिहारी में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी संतोष कुमार यादव ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने आशुतोष सिंह के समर्थन में अपनी बात रखते हुए कहा कि नौजवानों की आवाज को उच्च सदन में बुलंद करने का काम आशुतोष सिंह ने किया है।

संतोष कुमार यादव ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का नौजवान ही नहीं, बल्कि किसान, मजदूर और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का युवा बदलाव चाहता है और आगामी समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने इस अवसर पर मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की। उनके साथ मौजूद पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मदेव यादव, राम आशीष यादव, भानु यादव, रमाशंकर यादव, नीरज यादव, जमुना यादव, प्रमुख ममता यादव सहित अन्य लोगों ने भी चुनाव को लेकर अपनी बात रखी।

उपस्थित लोगों ने लाल बिहारी यादव और आशुतोष सिंह के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को अपने मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने स्नातक निर्वाचन को शिक्षित युवाओं, रोजगार और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

इस दौरान स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। विभिन्न राजनीतिक दलों और उनके समर्थकों की ओर से मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की गई।