गाजीपुर। जनपद के रानीपुर वनवासी बस्ती में बच्चों की शिक्षा और सामाजिक बदलाव की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। सृष्टि सेवा ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित मासिक अभिभावक बैठक में महिलाओं ने अपने बच्चों को सामने खड़ा कर उन्हें शिक्षित बनाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने एक स्वर में नारा दिया— “आधी रोटी खाएंगे, बच्चों को पढ़ाएंगे।”

महिलाओं के इस दृढ़ संकल्प और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनके समर्पण को देखकर बस्ती के संजय वनवासी भी प्रेरित हुए। उन्होंने शराब छोड़ने की शपथ ली। इस पहल से बस्ती की महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। बैठक में बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर परिवार और समाज के विकास में योगदान देने पर जोर दिया गया।

मासिक अभिभावक बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र वनवासी ने की। बस्ती के लोगों को एकत्रित करने और बैठक को सफल बनाने में शैलेन्द्र वनवासी एवं कुसुम बनवासी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर सृष्टि सेवा ट्रस्ट के डायरेक्टर राजकुमार मौर्य, सचिव संतोष गुप्ता, अकाउंटेंट शोभा यादव, राकेश कुमार यादव, सोनू राजभर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं बच्चों की शिक्षा का संकल्प लेती हैं और समाज के लोग नशामुक्त जीवन की ओर कदम बढ़ाते हैं, तो बदलाव की नई राह खुलती है। रानीपुर की यह पहल शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।