सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में शामिल करा सकेंगे अपना नाम

गाजीपुर, 23 अक्टूबर 2026। आगामी निर्वाचन को देखते हुए मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गाजीपुर जनपद में शनिवार, 24 अक्टूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और नए मतदाताओं को सूची में शामिल करना है। इसके तहत ‘कोई मतदाता न छूटे’ (No Voter to Be Left Behind) के लक्ष्य को साकार करने पर जोर दिया जा रहा है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी, गाजीपुर ने बताया कि जिले की सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—373-जखनियां, 374-सैदपुर, 375-गाजीपुर, 376-जंगीपुर, 377-जहूराबाद, 378-मोहम्मदाबाद और 379-जमानियां—में यह विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मिलेंगे बीएलओ

विशेष कैंप दिवस पर जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली तथा उसके बाद की पूरक सूचियां उपलब्ध रहेंगी।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां नागरिकों को आवेदन भरने और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी। निर्वाचन विभाग ने सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों से भी नियमानुसार सहयोग करने की अपेक्षा की है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

 कौन-कौन से दस्तावेज लेकर जाएं?

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिक कैंप में अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचें। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) नंबर उपलब्ध है, तो उसे भी साथ ले जाना उपयोगी होगा।

 ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

निर्वाचन विभाग के अनुसार, जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त कर उसे भरकर जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी आवेदन फार्म प्राप्त किए जा सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्वाचन आयोग के

ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। इसके माध्यम से पात्रता और आवेदन के प्रकार के अनुसार फार्म-6, फार्म-8 तथा फार्म-7 जमा किए जा सकते हैं।

निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं से अपील की है कि वे इस विशेष कैंप का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की स्थिति सुनिश्चित करें। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में शामिल होना बेहद महत्वपूर्ण है।