गाजीपुर/जमानियां। बाढ़ की विकट परिस्थितियों के बीच प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर उपजिलाधिकारी जमानियां निधि ने गुरुवार शाम तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सबलपुर में प्रभावित परिवारों का जाना हाल
एसडीएम निधि ने ग्राम सबलपुर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व विधायक सुनीता सिंह के साथ प्रभावित परिवारों को राशन किट, पशुओं के लिए भूसा समेत अन्य राहत सामग्री वितरित की गई। राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने प्रशासन का आभार जताया।
बलुआ घाट पर भी परखी बाढ़ की स्थिति
इसके बाद एसडीएम ने नगर पालिका परिषद जमानियां के बलुआ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ की मौजूदा स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित लोगों के साथ-साथ उनके पशुओं की जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन का फोकस—हर प्रभावित तक पहुंचे मदद
एसडीएम निधि ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाई जाए। प्रशासन की सक्रियता से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।


