गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।

अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस टीमों ने आमजन को महिला सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी देते हुए शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन एवं सुरक्षा उपायों के प्रति भी जागरूक किया।

वहीं, अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से छेड़छाड़ अथवा अभद्रता करने वाले शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास पैदा करना और आमजन को महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

गाजीपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश—महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, कानून तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।