गाजीपुर। भोजपुरी सिनेमा के क्षेत्र में एक नई सोच और सार्थक विषय के साथ तैयार की गई फिल्म ‘कवन कसूर’ का भव्य प्रीमियर गाजीपुर के एक निजी होटल में आयोजित किया गया। फिल्म के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। फिल्म खत्म होने के बाद दर्शकों ने कहानी, निर्देशन, प्रस्तुति और संगीत की जमकर सराहना की और इसे लंबे समय बाद आई एक सार्थक एवं प्रभावशाली भोजपुरी फिल्म बताया।
फिल्म की कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी राधेश्याम राय ने संभाली है। उन्होंने कहानी को प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारने के साथ ही भोजपुरी सिनेमा को पारंपरिक विषयों से आगे ले जाने का प्रयास किया है। फिल्म की प्रस्तुति और कथानक में सामाजिक सरोकारों की झलक दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित करती नजर आई।
प्रीमियर के दौरान दर्शकों ने लेखक-निर्देशक राधेश्याम राय के काम की विशेष सराहना की। दर्शकों का कहना रहा कि फिल्म में कहानी को मनोरंजन के साथ प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म को मिले सकारात्मक रिस्पॉन्स से पूरी टीम में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
‘कवन कसूर’ के निर्माता रुद्र तिवारी, रजत तिवारी और वंदना राय हैं। फिल्म में राज सिंह, गुंजन पंत, सोनालिका, सुशील सिंह और ललितेश झा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। कलाकारों के अभिनय को भी दर्शकों की ओर से सराहना मिली।
फिल्म के गीत पी. केशरी ने लिखे हैं, जबकि संगीत हर्ष राज हर्ष ने दिया है। कहानी, अभिनय, संगीत और निर्देशन के समन्वय ने फिल्म को दर्शकों के बीच अलग पहचान दिलाने की कोशिश की है।
प्रीमियर के बाद फिल्म की टीम को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं से यह उम्मीद जगी है कि ‘कवन कसूर’ भोजपुरी सिनेमा में गुणवत्तापूर्ण और विषयपरक फिल्मों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। लेखक-निर्देशक राधेश्याम राय की इस पहल को दर्शकों ने भोजपुरी सिनेमा के लिए नई उम्मीद के रूप में देखा और भविष्य में उनसे इसी तरह की बेहतर एवं सार्थक फिल्मों की अपेक्षा जताई।

