गाजीपुर, 18 सितंबर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जनपद के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सदर विधानसभा क्षेत्र में 23 सितंबर 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन जिला सेवायोजन कार्यालय एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि मेले में देशभर की 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे। इनमें प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्रा. लि., उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक वाराणसी, BIS सिक्योरिटी गार्ड, क्वैस कॉरपोरेशन, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, MRF टायर्स, हिंडाल्को रेनूकूट, नर्स केयर 24, खेतिहर ऑर्गेनिक, PNB मेटलाइफ सहित विभिन्न कंपनियां शामिल हैं।
मेले में सुरक्षा गार्ड, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, ईवी तीन पहिया चालक, नैप्स ट्रेनी समेत विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा।
8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक-परास्नातक, ITI, डिप्लोमा, ANM, GNM, GDA एवं कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी योग्यता के अनुसार इच्छित कंपनियों में आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को 23 सितंबर को मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र एवं छायाप्रति के साथ मेले में पहुंचना होगा।
अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

