गाजीपुर। सचेत ऐप के माध्यम से जनपद गाजीपुर के लिए मौसम संबंधी महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की गई है। आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा, आकाशीय विद्युत (बिजली) और तेज वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट रात 7:59 बजे तक प्रभावी रहने की संभावना है।
प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन की ओर से लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। नागरिक सुरक्षित स्थान पर रहें और संभव हो तो पक्के मकान के अंदर ही रहें। तेज हवा और आकाशीय बिजली के दौरान टीन शेड, कच्चे ढांचे तथा ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। इसके साथ ही नदी, तालाब, घाट एवं अन्य जलस्रोतों से दूरी बनाए रखें।
आकाशीय बिजली से संबंधित जानकारी एवं बचाव के लिए दामिनी ऐप तथा आपदाओं से जुड़ी चेतावनियों और अलर्ट के लिए सचेत ऐप का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
जनहित में इस चेतावनी को अधिक से अधिक लोगों और सोशल मीडिया/व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रसारित करने की अपील की गई है। आपातकालीन स्थिति में 112, 1077 या 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

