गाजीपुर। लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी गाजीपुर के निर्देश पर 25 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि यह आदेश परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त और अन्य बोर्डों से संचालित सभी विद्यालयों पर लागू होगा।
बच्चों की छुट्टी, लेकिन शिक्षकों को पहुंचना होगा स्कूल
अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य विद्यालयी कर्मचारी अपने दायित्व से मुक्त नहीं होंगे। उन्हें विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों का संपादन करना होगा।
आदेश का सख्ती से पालन अनिवार्य
शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया है कि जिलाधिकारी के आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
लगातार बारिश के बीच बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी और संभावित जोखिम को देखते हुए प्रशासन का यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अभिभावकों के लिए भी यह राहत की खबर है।


