गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के जिला सूचना विभाग को नई नेतृत्वकर्ता मिल गई हैं। शासन के आदेश के क्रम में शशि सिंह ने जिला सूचना अधिकारी के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया। वहीं, पूर्व जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार का स्थानांतरण देवरिया जनपद कर दिया गया है।

शशि सिंह के पदभार संभालने के साथ ही जिले में सूचना विभाग के कार्यों को नई गति और प्रभावी कार्यशैली मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा सूचनाओं के समयबद्ध संप्रेषण को लेकर भी सकारात्मक अपेक्षाएँ व्यक्त की जा रही हैं।

जनपद गाजीपुर के यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के लोगों ने नई जिला सूचना अधिकारी को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। साथ ही, स्थानांतरित जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।