बोगना/गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के बोगना ग्राम सभा में बुधवार शाम गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन समारोह श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। शाम करीब 5 बजे गाजे-बाजे के साथ भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे रास्ते ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए नाच-गाकर गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी। युवाओं में विसर्जन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया, वहीं महिलाओं ने भी श्रद्धा के साथ शोभायात्रा में सहभागिता की। पूजा समिति और ग्रामीणों ने आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग किया।

श्रद्धालुओं का मानना है कि भगवान गणेश की पूजा-अर्चना से घर-परिवार में सुख, समृद्धि और खुशहाली आती है। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही बोगना गांव में गणेशोत्सव का समापन हो गया।

विसर्जन शोभायात्रा में युवा समाजसेवी गोलू कुमार गोंड, अमित गोंड, अमन कन्नौजिया, सोनू यादव, अभय गोंड, अश्विन कन्नौजिया, जोगेश, पृथ्वीराज चौहान, संतोष चौहान, डॉ. कुसुम, रीता देवी, निर्मला वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्टर—आशीष कुमार गोंड