गाजीपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा सत्र 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र छात्र-छात्राएं 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 1 नवंबर 2026 को जनपद स्तर पर निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि दिव्यांगजन श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। आवेदन एवं परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट www.entdata.co.in पर उपलब्ध है।
पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी को शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा 7 न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वर्तमान सत्र 2026-27 में विद्यार्थी कक्षा 8 में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त अथवा स्थानीय निकाय द्वारा संचालित विद्यालय में अध्ययनरत होना चाहिए। अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, राजकीय आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, आश्रम पद्धति विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी पात्र नहीं होंगे। परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के लिए भारत सरकार ने 15,143 सीटों का कोटा निर्धारित किया है। चयन जनपदवार कोटे एवं नियमानुसार आरक्षण के आधार पर होगा। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रतिमाह ₹1,000 छात्रवृत्ति दी जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने प्रधानाचार्यों, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से पात्र विद्यार्थियों के आवेदन 29 सितंबर तक अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है, ताकि जनपद के निर्धारित कोटे के अनुसार अधिक से अधिक विद्यार्थियों का चयन सुनिश्चित हो सके।

