गाजीपुर। जनपद में प्रधानमंत्री श्री योजना के तहत चयनित 32 पीएम श्री विद्यालयों के बच्चों को यूनिफॉर्म एवं जूता-मोजा के लिए मिलने वाली धनराशि अब डीबीटी के माध्यम से उनके माता-पिता/अभिभावकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इस संबंध में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए पीएम श्री योजना के अंतर्गत जनपद के 32 विद्यालयों को लेकर अनुमोदन प्राप्त हुआ है। इसके तहत पात्र विद्यार्थियों को ड्रेस तथा जूता-मोजा की धनराशि उपलब्ध कराई जानी है।
धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया के लिए संबंधित विद्यार्थियों का विवरण प्रेरणा पोर्टल के डीबीटी मॉड्यूल पर दर्ज किया जाना है। राज्य परियोजना कार्यालय ने जनपदों से पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे विवरण की प्रगति को अभी संतोषजनक नहीं माना है।
इसी क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को निर्देशित किया है कि पीएम श्री विद्यालयों के बच्चों से संबंधित डीबीटी विवरण को समयबद्ध, शुद्ध एवं पूर्ण रूप से प्रेरणा पोर्टल पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र बच्चों को यूनिफॉर्म एवं जूता-मोजा की धनराशि का लाभ समय से मिल सके।

