गाजीपुर। लंका स्थित श्याम होटल के सभागार में बुधवार को विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश जनपद गाजीपुर द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026 के राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक संतोष कुशवाहा को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा रहीं, जबकि अध्यक्षता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनंत सिंह ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद संतोष कुशवाहा को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। एसोसिएशन की ओर से BSA उपासना रानी वर्मा का भी पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

संतोष कुशवाहा विशिष्ट बीटीसी 2004 बैच के प्रशिक्षित शिक्षक हैं। वर्ष 2006 में मनिहारी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के रूप में नियुक्ति के बाद वर्ष 2013 में पदोन्नति प्राप्त कर वे पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या मनिहारी में विज्ञान शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे मनिहारी ब्लॉक के स्काउट शिक्षक तथा विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष भी हैं।

वक्ताओं ने संतोष कुशवाहा के शिक्षण, विज्ञान शिक्षा और स्काउटिंग के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके प्रयासों से विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों को नई दिशा मिली है। उत्कृष्ट कार्यों के फलस्वरूप उन्हें वर्ष 2026 में राज्य अध्यापक पुरस्कार मिला। 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया था।

BSA उपासना रानी वर्मा ने संतोष कुशवाहा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार से उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग गाजीपुर का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष विजय नारायण यादव, महामंत्री प्रमोद उपाध्याय, संयुक्त मंत्री आनंद सिंह, जिला सचिव राजेश गिरि सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला व्यायाम शिक्षक अश्विनी राय, जिला स्काउट शिक्षक श्रीकांत कुमार समेत सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में जिलाध्यक्ष अनंत सिंह ने BSA सहित सभी उपस्थित शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।