करण्डा–नंदगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में .312 बोर का तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद

गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करण्डा और नंदगंज पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना करण्डा में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह को सरौली हरिजन बस्ती के कच्चे रास्ते पर हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को थाना करण्डा की पुलिस टीम और थाना नंदगंज की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम बरहपुर निवासी कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह पुत्र चन्द्रभूषण सिंह को घेराबंदी के दौरान पकड़ा। मुठभेड़ में अभियुक्त घायल हुआ, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 कब्जे से असलहा और कारतूस बरामद

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने—

01 देशी तमंचा .312 बोर

02 खोखा कारतूस .312 बोर

01 जिन्दा कारतूस .312 बोर

01 हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल

बरामद करने का दावा किया है।

 कई मुकदमों में दर्ज है नाम

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ करण्डा और नंदगंज थानों में वर्ष 2016 से 2026 तक कुल 8 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें मारपीट, धमकी, बलवा तथा आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोपों से संबंधित मुकदमे भी शामिल हैं।

वर्तमान गिरफ्तारी मु0अ0सं0 173/2026, धारा 191(2), 191(3), 109(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस, थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर से संबंधित बताई गई है।

 संयुक्त टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम

पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष करण्डा सन्तोष कुमार पाठक मय हमराह तथा थानाध्यक्ष नंदगंज अतुल कुमार मिश्रा मय हमराह पुलिस टीम द्वारा की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम सफलता माना जा रहा है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए भेजे जाने के साथ ही पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।