गाजीपुर, 13 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को मेरा युवा भारत एवं राजकीय महिला पी.जी. कॉलेज, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता के जयकारों के साथ निकली इस यात्रा ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राजकीय महिला पी.जी. कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. शम्भू शरण प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा में युवाओं, स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। “आन, बान और शान है तिरंगा, हर भारतीय की पहचान है तिरंगा” और “आजादी का पर्व मनाएंगे, हर घर तिरंगा लहराएंगे” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
कॉलेज से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा
तिरंगा यात्रा राजकीय महिला पी.जी. कॉलेज से प्रारंभ होकर राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, महुआबाग एवं ददरीघाट बाईपास होते हुए पुनः राजकीय महिला पी.जी. कॉलेज पहुंची। यहां राष्ट्रगान के साथ यात्रा का गरिमापूर्ण समापन किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं मेरा युवा भारत से जुड़े 100 से अधिक स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने सहभागिता की। तिरंगा थामे छात्राओं और युवाओं की टोली ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर NSS प्रभारी शशिकला अग्रवाल, NCC प्रभारी डॉ. अमरनाथ सहित मेरा युवा भारत के सुरेन्द्र प्रजापति, ऋषिकेश, अनिकेत, विवेक, खुशबू वर्मा, रागिनी एवं सलोनी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में NCC कैडेट, NSS स्वयंसेवक एवं महाविद्यालय की छात्राएं कार्यक्रम का हिस्सा बनीं।
तिरंगों की लहर और देशभक्ति के नारों से सजी इस यात्रा ने न सिर्फ युवाओं के उत्साह को प्रदर्शित किया, बल्कि ‘हर घर तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भी प्रभावी कार्य किया।

