गाज़ीपुर। यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन एवं जागरूक नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) गाज़ीपुर को ज्ञापन सौंपकर "ऑपरेशन सेफ फ्यूचर" अभियान की समय-सीमा बढ़ाने तथा इसे और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि बच्चों की सुरक्षा केवल अभियान चलाने से नहीं, बल्कि उसके कड़ाई से क्रियान्वयन और नियमित निगरानी से सुनिश्चित होगी।
ज्ञापन में बताया गया कि विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक स्कूली वाहन अब भी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन नहीं कर रहे हैं। कई वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अभाव, फिटनेस नियमों की अनदेखी तथा परिवहन विभाग की गाइडलाइन का उल्लंघन देखने को मिल रहा है। इससे अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि अभियान के अंतर्गत अब तक हुए निरीक्षण, की गई कार्रवाई तथा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के प्रयासों को सार्वजनिक किया जाए। साथ ही सभी विद्यालयों, स्कूली वाहनों और चालकों की नियमित जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
पत्रकारों ने कहा कि "ऑपरेशन सेफ फ्यूचर" तभी सफल माना जाएगा जब प्रत्येक स्कूली वाहन सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करेगा और हर बच्चा सुरक्षित वातावरण में विद्यालय आ-जा सकेगा।
इस अवसर पर यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता, राजेश यादव, विश्व बंधु, कमांडर उपेंद्र यादव, शशिकांत जायसवाल, बी.एन. तिवारी, सिंहासन तथा अविनाश कुमार सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।



