गाजीपुर। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर श्मशान घाट की पर्ची व्यवस्था में पारदर्शिता और स्पष्ट शुल्क निर्धारण की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि गाजीपुर श्मशान घाट पर लंबे समय से पर्ची व्यवस्था के लिए निर्धारित शुल्क सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित न होने के कारण शोकाकुल परिवारों को अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील समय में अनावश्यक असमंजस और परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में स्पष्ट और सुव्यवस्थित व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
यूनाइटेड मीडिया के पत्रकारों ने मांग की कि प्रत्येक सेवा के लिए निर्धारित शुल्क पर्ची पर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए तथा उसे सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित किया जाए, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए ₹500 जमा करने पर पर्ची के साथ दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। उन्होंने व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखने का आश्वासन भी दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान यूनाइटेड मीडिया के जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता के साथ विश्व बंधु कमांडर, उपेन्द्र यादव, शशिकांत जायसवाल, सिंहासन यादव और राजेश सिंह सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि स्पष्ट शुल्क निर्धारण और पारदर्शी पर्ची व्यवस्था लागू होने से आमजन को राहत मिलेगी और श्मशान घाट की व्यवस्थाएं अधिक सुव्यवस्थित होंगी।

