गाजीपुर। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन की पहल का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। गाजीपुर के श्मशान घाट पर पर्ची व्यवस्था में पारदर्शिता और शुल्क निर्धारण को लेकर उठाई गई मांग के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य द्वार पर शुल्क संबंधी सूचना बोर्ड स्थापित कर दिया है। इस कदम को आम नागरिकों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने सराहनीय पहल बताते हुए स्वागत किया है।
दरअसल, यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर श्मशान घाट की पर्ची व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और निर्धारित शुल्क को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने की मांग की थी। प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया था कि लंबे समय से श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शोकाकुल परिवारों को शुल्क संबंधी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण असुविधा और भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया था कि अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में लोगों को आर्थिक और मानसिक रूप से अतिरिक्त परेशानी न झेलनी पड़े, इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक सेवा का निर्धारित शुल्क स्पष्ट रूप से पर्ची पर अंकित किया जाए तथा उसे सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित किया जाए। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और आम नागरिकों का विश्वास भी मजबूत होगा।
यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन की इस पहल को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। अधिशासी अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए ₹500 शुल्क जमा करने पर पर्ची जारी कर दाह संस्कार की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया जाएगा।
इस पहल के बाद श्मशान घाट के मुख्य प्रवेश द्वार पर शुल्क संबंधी सूचना बोर्ड स्थापित कर दिया गया है, जिस पर निर्धारित शुल्क का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। सूचना बोर्ड लगने के बाद स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के लोगों ने इसे एक सकारात्मक और जनहितकारी कदम बताया है।
और उम्मीद जताई कि इस पहल से न केवल आमजन को राहत मिलेगी, बल्कि श्मशान घाट की व्यवस्थाएं भी अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और व्यवस्थित बनेंगी।
इस कार्रवाई के बाद समाजसेवियों और आम नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। लोग यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन की जनहित में की गई इस पहल की सराहना कर रहे हैं और संगठन के जिलाध्यक्ष सहित पूरी टीम को बधाई दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इसी प्रकार जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाता रहा, तो प्रशासनिक व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा तथा आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा।

