गाज़ीपुर। जनपद के लंका बाईपास से होकर जंगीपुर जाने वाले मार्ग की अत्यंत जर्जर एवं बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सड़क मरम्मत की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि यह मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वह सड़क कम और तालाब अधिक प्रतीत होती है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता से मांग की कि उक्त मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए भी बाध्य होना पड़ सकता है। वार्ता के दौरान संबंधित अधिकारी ने बताया कि साढ़े सात करोड़ रुपए एस्टीमेट भेजा गया है, जुलाई के लास्ट तक बजट स्वीकृत होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद कार्य शुरू हो जाएगा।
इस अवसर पर यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन, गाज़ीपुर के जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता के साथ डॉ बी.एन. तिवारी, तारिक चाचा, उपेन्द्र यादव, शशिकांत जायसवाल, अविनाश कुमार और इंद्राशन सिंह यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सड़क की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की।



