क्रैक डाउन: ₹50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार रात गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ₹50,000 के इनामी वांछित अभियुक्त संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक सैदपुर को सूचना मिली थी कि ₹50 हजार का इनामी अपराधी सादात की ओर से गाजीपुर की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भितरी एवं पुलिस टीम के साथ अहिरौली गांव के पास प्राइवेट आईटीआई पुरानी पिच रोड पर घेराबंदी की गई।
बताया गया कि सादात की तरफ से मोटरसाइकिल से आते आरोपी को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी अपाचे मोटरसाइकिल स्लिप होकर गिर गई। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से 5-6 राउंड फायरिंग की। अंधेरे में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होकर गिरने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
कौन है गिरफ्तार आरोपी?
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द (38 वर्ष) पुत्र बुची बिन्द, निवासी ग्राम अकटहिया, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर, हाल पता ग्राम बाकरबाद महराजगंज, थाना कोतवाली गाजीपुर के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ चोरी, अवैध शराब, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 तक कुल 15 मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है।
मुठभेड़ के बाद ये सामान बरामद
एक देशी तमंचा .315 बोर
एक जिंदा कारतूस
दो खोखा कारतूस
दो मोटरसाइकिल
₹1,300 नकद
गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह मय हमराह पुलिसकर्मी तथा उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह मय हमराह थाना सैदपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सैदपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम सफलता माना जा रहा है।

