गाजीपुर। जनपद में सूचना संकुल भवन के निर्माण में लगातार हो रही देरी से नाराज़ यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन जनपद इकाई गाज़ीपुर ने अब जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन का कहना है कि शासन द्वारा प्रदेश के अधिकांश जनपदों में सूचना संकुल भवन के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और गाजीपुर के लिए भी बजट आवंटित होने की संभावित जानकारी है, लेकिन स्थानीय स्तर पर भूमि आवंटन एवं प्रशासनिक उदासीनता के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।

एसोसिएशन का आरोप है कि वर्ष 2024 से लेकर अब तक इस संबंध में जिलाधिकारी को कई बार ज्ञापन एवं पत्र सौंपे गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पत्रकारों को जनसुनवाई पोर्टल का सहारा लेना पड़ा। संगठन ने इसे जनपद के पत्रकारों की वर्षों पुरानी और महत्वपूर्ण मांग बताते हुए कहा कि सूचना संकुल भवन बनने से विभाग को एवम् पत्रकारों को एक सुव्यवस्थित कार्यस्थल मिलेगा तथा जनसंपर्क एवं सूचना संबंधी गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सूचना संकुल भवन निर्माण में आ रही सभी प्रशासनिक एवं भूमि संबंधी बाधाओं को तत्काल दूर कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पत्रकार समुदाय लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगा। अब देखना होगा कि जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज इस शिकायत के बाद शासन और जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।