प्रमोद कुमार सिन्हा बने जिला अध्यक्ष, संगठन विस्तार के साथ राष्ट्रहित और जनजागरण अभियानों को मिलेगी नई धार
गाजीपुर। सामाजिक एवं राष्ट्रवादी विचारधारा पर कार्यरत अखंड भारत मिशन ने जनपद में संगठनात्मक विस्तार को नई दिशा देते हुए शिक्षाविद, अधिवक्ता, वरिष्ठ पत्रकार एवं वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद कुमार सिन्हा को गाजीपुर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक अश्वनी शर्मा ने 15 जुलाई 2026 को आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी कर उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा। उनकी नियुक्ति की संस्तुति प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने की।
जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, प्रमोद कुमार सिन्हा की संगठन के प्रति निष्ठा, सक्रियता, समर्पण तथा मिशन के उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति 15 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी और कार्यकाल 15 जुलाई 2027 तक रहेगा। संगठन की आवश्यकता एवं नियमों के अनुसार इस अवधि में आवश्यक परिवर्तन भी किए जा सकेंगे।
मिशन ने स्पष्ट किया है कि जिला अध्यक्ष के रूप में प्रमोद कुमार सिन्हा संगठन के संविधान और नीतियों के अनुरूप कार्य करते हुए जिले में संगठन को मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और जनजागरण से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। उनसे ईमानदारी, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संगठन का विस्तार करने की अपेक्षा की गई है।
नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह दायित्व पूर्णतः मानद (ऑनरेरी) होगा और इसे किसी प्रकार का वेतनभोगी पद या रोजगार नहीं माना जाएगा। पदाधिकारी को संगठन की आचार संहिता एवं संविधान का पूर्णतः पालन करना होगा।
नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रमोद कुमार सिन्हा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष वेदप्रकाश श्रीवास्तव तथा संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और समाजहित के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
अखंड भारत मिशन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने विश्वास जताया कि प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में गाजीपुर इकाई नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी तथा संगठन के विस्तार के साथ-साथ राष्ट्रहित, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के अभियान भी अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेंगे।


