गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना करीमुद्दीनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के प्रयास एवं अपहरण के मामले में वांछित चल रहे बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से अवैध .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक राजनारायण पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मु0अ0सं0 211/26 में वांछित अभियुक्त किसी स्थान से फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम नेवादा के पास घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया।

बताया गया कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए सीएचसी बाराचवर भेजा।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

गिरफ्तार घायल अभियुक्त

विशाल यादव (25 वर्ष) पुत्र जितेन्द्र यादव, निवासी ग्राम रामानंद का पूरा, थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर।

बरामदगी

 01 अवैध तमंचा .315 बोर

 01 खोखा कारतूस .315 बोर

01 जिंदा कारतूस .315 बोर

पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम

प्रभारी निरीक्षक राजनारायण मय पुलिस टीम, थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर।

 पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वांछित आरोपी गिरफ्त में, जबकि फरार साथी की तलाश जारी है।