गाजीपुर। जनपद के किसानों के लिए कृषि विभाग ने रबी सीजन को लेकर महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को तोरिया, राई/सरसों, अलसी, चना, मटर, मसूर, गेहूं एवं जौ सहित विभिन्न रबी फसलों के बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। किसानों को बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी गई है।
जनपद के लिए अब तक गेहूं 18,510 कुंतल, जौ 373 कुंतल, तोरिया 4 कुंतल, राई/सरसों 15 कुंतल, मटर 48 कुंतल, चना 1,140 कुंतल तथा मसूर 668 कुंतल का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है।
किसान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण एवं बीज की बुकिंग करा सकते हैं। बुकिंग प्रक्रिया 02 जुलाई 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगी।
इसके साथ ही किसानों को निःशुल्क मिनिकिट उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था है। इसके तहत तोरिया के 4 कुंतल, राई/सरसों के 73 कुंतल, मटर के 50 कुंतल, चना के 418 कुंतल तथा मसूर के 80 कुंतल मिनिकिट का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिनका वितरण कृषकों में निःशुल्क किया जाएगा।
कृषि विभाग ने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से पोर्टल पर पंजीकरण एवं बुकिंग सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं एवं बीज अनुदान का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

