गाजीपुर। वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए शासन द्वारा समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इसके तहत पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया निर्धारित तिथियों के अनुसार संचालित होगी।
छात्र-छात्राएं 11 अगस्त 2026 से 21 सितंबर 2026 तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, शिक्षण संस्थानों द्वारा छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अग्रसारण 13 अगस्त 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाना निर्धारित किया गया है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने जनपद की समस्त शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया है कि छात्रवृत्ति से संबंधित सभी प्रक्रियात्मक कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
इच्छुक छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित तिथि तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

