जखनिया। समरसता संकल्प अभियान के तहत जनपद में निकाली जा रही संत रविदास समरसता संकल्प कलश यात्रा अपने छठवें दिन जखनिया विधानसभा क्षेत्र के जखनिया प्रथम एवं जखनिया द्वितीय मंडल के विभिन्न गांवों और प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान लोगों को सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।
जखनिया विधानसभा में यात्रा के दूसरे दिन जखनिया प्रथम मंडल के रविदास मंदिर रामसिंहपुर से यात्रा की शुरुआत हुई। इसके बाद यात्रा अंबेडकर प्रतिमा पदमपुर मैगर राय, दुर्गा मंदिर पदमपुर रामराय, अंबेडकर प्रतिमा अलीपुर मदरा और शिव मंदिर जखनिया पहुंची। इसके पश्चात यात्रा जखनिया द्वितीय मंडल में पहुंची, जहां रविदास मंदिर अमारी, चुरामनपुर, जलालाबाद और हरदासपुर खुर्द सहित विभिन्न स्थानों से होते हुए विधानसभा जंगीपुर के ग्राम मलेठी पहुंची।
ग्राम मलेठी में प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय की उपस्थिति में यात्रा का रात्रि प्रवास निर्धारित किया गया। यहां कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की और जयघोष किया। यात्रा के लिए रात्रि प्रवास एवं विश्राम की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, श्रम की प्रतिष्ठा और मानवता का अद्वितीय संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर ही समतामूलक, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है। समरसता संकल्प कलश यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
यात्रा के दौरान भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजेश सोनकर, सरोज मिश्रा, सुधाकर कुशवाहा, अशोक चौहान, रामप्यारी गिरी, सरवन सिंह, मनोज यादव, डॉ. विजय तिवारी, नारायण गुप्ता, अशोक यादव, भरत जायसवाल, रामराज चौहान, दीपक चौरसिया, विंध्याचल कनौजिया, हरिशंकर चौहान, राजेश शर्मा, चंदन राजभर, हरकेश राजभर, अखिलेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

