12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक वादों के त्वरित निस्तारण का लक्ष्य

गाजीपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और आमजन को विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार, 2 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय गाजीपुर से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

12 सितंबर 2026 को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 12 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय गाजीपुर के साथ-साथ वाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद, ग्राम न्यायालय जखनियां व जमानियां तथा अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

इस लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा 138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना वाद, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता, बाट-माप, कराधान तथा बिजली चोरी से संबंधित वादों सहित सुलह-समझौते योग्य विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

“लोक अदालत का लाभ उठाएं, विवादों का सरल समाधान पाएं”

रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल और आपसी सहमति से समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। विशेष रूप से वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों को सुलह, समझौता और मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित कराने पर जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश यादव ने आमजन से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने लंबित अथवा सुलह योग्य मामलों का समाधान कराने का अवसर प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर आमजन को राहत और न्याय उपलब्ध कराना है।

रैली में संजय हरी शुक्ला, पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण; शैलोज चन्द्र, प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय; शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत; विजय कुमार-IV, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय; नीरज गोंड, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण; राजेन्द्र विक्रम सिंह, अध्यक्ष, सिविल बार एसोसिएशन सहित न्यायिक अधिकारी, बैंक अधिकारी-कर्मचारी एवं पराविधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत के जरिए न्याय आपके द्वार—गाजीपुर में 12 सितंबर को होगा समाधान का महाअभियान।