गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में कक्षा-1 से 8 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भेजी गई DBT (Direct Benefit Transfer) की धनराशि के सदुपयोग को लेकर विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। इस धनराशि का उपयोग विद्यार्थियों के लिए स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी खरीदने में ही किया जाना है।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में विकासखण्ड एवं विद्यालय स्तर पर अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा कि DBT से प्राप्त धनराशि का निर्धारित मदों में ही उपयोग करें। साथ ही खरीदी गई सामग्री गुणवत्तापूर्ण और पूरे शैक्षिक सत्र में उपयोग के योग्य हो।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई गई सामग्री का कक्षावार एवं विद्यार्थीवार सत्यापन कराया जाए। प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक अभिभावकों से संपर्क और बैठक कर निर्धारित सामग्री की खरीद तथा उसके नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करेंगे।

विभाग ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया है कि विद्यार्थी स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा एवं स्वेटर पहनकर विद्यालय आएं तथा स्कूल बैग और आवश्यक स्टेशनरी का नियमित उपयोग करें। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी सहायता का प्रभावी और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना है।