गाजीपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं समग्र शिक्षा के उद्देश्यों के अनुरूप प्रदेश के पीएम श्री विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, समग्र विकास एवं गुणवत्तापूर्ण अधिगम सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों की सहभागिता को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसी क्रम में प्रदेश के सभी पीएम श्री विद्यालयों में नियमित एवं प्रभावी अभिभावक-अध्यापक बैठक (PTM) आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

PTM के माध्यम से विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच नियमित संवाद स्थापित करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, अधिगम स्तर, मूल्यांकन परिणाम एवं कक्षा में सहभागिता आदि पर चर्चा की जाएगी। प्रत्येक विद्यार्थी की होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड में दर्ज अद्यतन प्रगति के आधार पर अभिभावकों को उनके बच्चे की शैक्षणिक स्थिति से अवगत कराया जाएगा। बैठक से पूर्व विद्यालय स्तर पर व्यापक तैयारियां की जाएंगी। अभिभावकों को आमंत्रित करने के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से आकर्षक निमंत्रण कार्ड एवं पोस्टर तैयार किए जाएंगे तथा लिखित संदेश, व्हाट्सएप संदेश एवं दूरभाष के माध्यम से भी अभिभावकों से संपर्क किया जाएगा। विशेष रूप से लगातार अनुपस्थित अथवा अधिक अनुपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक में सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

विद्यालयों में PTM से पूर्व स्वच्छता, सजावट एवं बैठक व्यवस्था की समुचित तैयारी की जाएगी। शिक्षकों को कक्षावार अभिभावकों से संवाद एवं समन्वय की जिम्मेदारी दी जाएगी। अभिभावकों को विद्यालय में उपलब्ध पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं, टीएलएम, अकादमिक कैलेंडर, मीना मंच तथा अन्य शैक्षिक संसाधनों की उपयोगिता से भी परिचित कराया जाएगा।

PTM का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करना ही नहीं, बल्कि विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच सहयोगात्मक संबंध मजबूत करना, बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाना तथा उनकी सीखने की आवश्यकताओं को समझकर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।

जिन अभिभावकों की PTM में सहभागिता कम रहती है अथवा जो बैठक में उपस्थित नहीं हो पाते हैं, उनसे शिक्षकों द्वारा गृह संपर्क, व्हाट्सएप संदेश एवं दूरभाष के माध्यम से विशेष संपर्क स्थापित किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षिक प्रक्रिया से जोड़ा जा सके। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा द्वारा निर्देशित किया गया है कि पीएम श्री विद्यालयों में PTM के प्रभावी आयोजन एवं अभिभावकों की अधिकतम सहभागिता कराना सुनिश्चित करें।