गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज अध्यापकों एवं नोडल शिक्षकों को छात्र-छात्राओं के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। UIDAI के नियमानुसार 5 वर्ष तथा 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाना है।
निर्देश के तहत विद्यालयों के प्रधानाध्यापक छात्र पंजिका के आधार पर ऐसे बच्चों की सूची तत्काल तैयार करेंगे, जिनकी निर्धारित आयु पूरी हो चुकी है और अभी तक MBU नहीं हुआ है। इसके बाद बीआरसी पर संचालित आधार किट, डाकघरों अथवा अधिकृत आधार सेवा केंद्रों से समन्वय कर कैंप लगाकर अथवा सुविधानुसार बच्चों का फिंगरप्रिंट, आईरिस एवं फोटो अपडेट कराया जाएगा।
कंपोजिट विद्यालयों में विशेष सतर्कता बरतते हुए 5 वर्ष पूर्ण करने वाले प्राथमिक स्तर तथा 15 वर्ष की आयु वाले उच्च प्राथमिक स्तर के पात्र विद्यार्थियों को चिन्हित कर शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक अपडेट कराने पर जोर दिया गया है।
बीएसए ने अभिभावकों को भी जागरूक करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आधार अपडेट नहीं होने से डीबीटी, यूनिफॉर्म, स्वेटर, स्कूल बैग, जूता-मोजा, छात्रवृत्ति सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावित न हो।
वहीं, संबंधित बीईओ प्रतिदिन विद्यालयवार प्रगति की समीक्षा करेंगे। शून्य या धीमी प्रगति वाले विद्यालयों में जवाबदेही तय की जाएगी। विभाग ने सभी विद्यालयों से निर्धारित समय-सीमा में प्रत्येक पात्र छात्र का MBU पूर्ण कराने को राष्ट्रीय एवं विभागीय प्राथमिकता के रूप में लेने का आह्वान किया है।

