गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भांवरकोल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 0.315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव मय पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम बीरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर नाजिर हुसैन उर्फ गब्बर नट (28 वर्ष), पुत्र आलिम हुसैन उर्फ पेड़ा, निवासी ग्राम मनिया, थाना भांवरकोल, गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बरामदगी के संबंध में थाना भांवरकोल में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव एवं थाना भांवरकोल पुलिस टीम शामिल रही।