गाजीपुर। जनपद गाजीपुर में लोक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन लोक निर्माण विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभागीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन लोक निर्माण विभाग के क्षेत्रीय अध्यक्ष अच्छेलाल पाल, क्षेत्रीय महामंत्री एच.एन. भट्टाचार्य, चंदन सिंह, जितेंद्र श्रीवास्तव, देवनारायण एवं रामजी चौहान सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के जनपद अध्यक्ष मनोज यादव एवं जनपद मंत्री गाजीपुर राजेश यादव ने किया।
बैठक के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष अच्छेलाल पाल ने लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड गाजीपुर के अधिशासी अभियंता से वार्ता कर संगठन की ओर से कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान संगठन की मांगों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से रखते हुए उनके समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
वार्ता के दौरान अधिशासी अभियंता द्वारा संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन की ओर से रखी गई शर्तों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार लिपिकों के संबद्धीकरण से संबंधित कार्रवाई नहीं किए जाने के संबंध में भी आश्वासन दिया गया।
संगठन ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता एवं नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। बैठक में लिए गए निर्णय एवं हुई वार्ता से संबंधित जानकारी अधीक्षण अभियंता, जौनपुर-गाजीपुर वृत्त, लोक निर्माण विभाग, जौनपुर तथा जिलाधिकारी गाजीपुर को भी अवगत कराने का निर्णय लिया गया।
मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि विभागीय स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होगा और संगठन की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


