गाजीपुर। देवकली ब्लॉक के रामपुर माझा स्थित आश्रम में परम पूज्य अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी का पावन प्राकट्य दिवस अघोर चतुर्दशी के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। बाबा के दर्शन और आशीर्वाद की कामना लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और पूजा-अर्चना कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह खुशबू ने बतौर अतिथि शिरकत की। उन्होंने बाबा कीनाराम जी की आध्यात्मिक परंपरा को नमन करते हुए कहा कि सच्ची आस्था और भक्ति मनुष्य को भीतर से मजबूती प्रदान करती है। ईश्वर के प्रति विश्वास न केवल मन को शांति देता है, बल्कि जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस भी देता है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सद्भाव, संस्कार और सेवा की भावना मजबूत होती है। ऐसे आयोजनों में युवाओं और नई पीढ़ी की भागीदारी जरूरी है, ताकि वे अपनी समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से परिचित हो सकें।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ अधिवक्ता रणजीत सिंह एवं आश्रम समिति के सदस्यों की ओर से किया गया। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। वहीं द कोटा ग्लोबल स्कूल, बाघी, गाजीपुर के बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। स्थानीय कलाकारों एवं संगीतकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगा दिए।
आयोजकों के अनुसार, बाबा कीनाराम की आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आस्था, सद्भाव, सेवा और संस्कारों की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में रामपुर माझा समेत आसपास के क्षेत्रों और गाजीपुर के गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु तथा आश्रम समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

