गाजीपुर। धामूपुर में परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के बलिदान दिवस पर आयोजित भव्य समारोह में देश के वीर सपूत के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानन्द राय ने प्रतिभाग किया और शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने वीर अब्दुल हमीद के साहस को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परमवीर चक्र एवं अन्य वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों तथा उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर योगेन्द्र सिंह यादव ने भी शहीद वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
विद्यालयों के बच्चों एवं युवाओं ने देशभक्ति गीत, गायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सैनिक, वीरता पुरस्कार विजेता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
1965 के भारत-पाक युद्ध में अपने अदम्य साहस से दुश्मन के टैंकों को चुनौती देने वाले वीर अब्दुल हमीद का सर्वोच्च बलिदान आज भी देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और साहस की प्रेरणा देता है।


