गाजीपुर। विकसित भारत@2047 के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के जरिए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार, नेतृत्व क्षमता और नवाचार को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के प्रति गाजीपुर के युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जनपद में अब तक 1500 से अधिक युवा ऑनलाइन क्विज में भाग ले चुके हैं, जबकि देशभर में 10 लाख से अधिक युवाओं की सहभागिता हो चुकी है। युवाओं की अधिक भागीदारी के लिए मेरा युवा भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना, विभिन्न विभागों और शिक्षण संस्थानों द्वारा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

पांच चरणों में होगा चयन

विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में चयन प्रक्रिया पांच चरणों में होगी। पहले चरण में ऑनलाइन क्विज, दूसरे में चयनित प्रतिभागियों के लिए 500 शब्दों का निबंध, तीसरे में जिला स्तरीय चैंपियनशिप, चौथे में राज्य स्तरीय संवाद और अंतिम चरण में नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता होगी। चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर भी मिल सकता है।

ऑनलाइन क्विज 30 सितंबर 2026 तक, निबंध चरण 5 से 19 अक्टूबर, जिला चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर तथा राज्य स्तरीय संवाद 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। राष्ट्रीय संवाद 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में विकसित भारत चैलेंज के अलावा सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमी चुनौती और युवा संसद जैसे ट्रैक भी शामिल हैं।

इच्छुक युवा 30 सितंबर 2026 तक मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से क्विज में भाग लेकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर हासिल कर सकते हैं।