गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ आमजन को भी जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के क्रम में जनपद गाजीपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा महिलाओं और बालिकाओं को निर्भीक होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत पुलिस द्वारा ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

