गाजीपुर। बालिकाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आत्मसम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में मीना मंच को और अधिक प्रभावी बनाने की पहल की जा रही है। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में विशेष प्रोजेक्ट फॉर इक्विटी के अंतर्गत मीना मंच के सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता विकास एवं सेल्फ एस्टीम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सीमैट, प्रयागराज में टीओटी एवं एमटी कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार कार्यशालाएं अलग-अलग बैचों में आयोजित होंगी। प्रथम एवं द्वितीय बैच की कार्यशाला 9 एवं 10 सितंबर 2026, तृतीय एवं चतुर्थ बैच की 11 एवं 12 सितंबर, पांचवें एवं छठे बैच की 21 एवं 22 सितंबर, सातवें एवं आठवें बैच की 16 एवं 17 सितंबर तथा नवें बैच की कार्यशाला 23 एवं 24 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

जनपद गाजीपुर से छह प्रतिभागी द्वितीय बैच में प्रतिभाग करेंगे। संबंधित प्रतिभागियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्यशाला की निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मीना मंच से जुड़े प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सेल्फ एस्टीम का विकास करना है, ताकि वे विद्यालयों में बालिकाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामदायी ढंग से संचालित कर सकें। प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाओं को अपने अधिकारों, क्षमताओं और संभावनाओं के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी प्रतिभागियों को दक्ष बनाया जाएगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर उपासना रानी वर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को शासनादेश में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा निर्धारित तिथियों पर अनिवार्य रूप से प्रतिभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

मीना मंच को मजबूत बनाने की यह पहल विद्यालयों में बालिकाओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व को नई उड़ान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।