गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज 5.0” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।
अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीमों ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों और महिला सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी देते हुए लोगों से किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील की।
वहीं, एंटी रोमियो टीमों द्वारा भी जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर विशेष भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन एवं सुरक्षित माहौल बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पुलिस के इस अभियान से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई, वहीं असामाजिक तत्वों में भी पुलिस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश गया। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत गाजीपुर पुलिस का यह अभियान महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

