गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर पुलिस ने व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन से संवाद करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि अथवा महिला संबंधी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
वहीं, मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों को भी सक्रिय किया गया। टीमों ने संवेदनशील स्थानों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण और चेकिंग कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान शोहदों एवं संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
गाजीपुर पुलिस का यह अभियान महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मिशन शक्ति फेज-5.0 के माध्यम से पुलिस प्रशासन का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में नारी सम्मान और सशक्तिकरण की भावना को और मजबूत करना है।

