गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के मेहरअलीपुर उर्फ भंवरी गांव में लंबे समय से कचरा डंपिंग की समस्या को लेकर ग्रामीणों को हो रही परेशानी पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने तत्काल संज्ञान लिया।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में शनिवार को मुख्य राजस्व अधिकारी सुशील कुमार त्रिवेदी ने मौके पर कार्रवाई कराते हुए जंगीपुर पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद गाजीपुर की संयुक्त टीम के सहयोग से अभियान चलाया।
जेसीबी मशीन की मदद से ग्रामीणों के आवागमन के रास्ते पर जमा कूड़े-कचरे को हटवाया गया। इसके बाद मौके पर चूने का छिड़काव कराते हुए रास्ते को व्यवस्थित कराया गया, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिली।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला। लंबे समय से चली आ रही समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर समाधान कराए जाने को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं प्रशासनिक टीम की सराहनीय पहल बताया।

