गाजीपुर। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2025-26 में आवेदन करने के बावजूद विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। शासन ने ऐसे मामलों के निस्तारण और छात्रवृत्ति भुगतान के लिए विशेष समय-सारिणी जारी की है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि शिक्षण संस्थान, विश्वविद्यालय/एफिलियेटिंग एजेंसी तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करनी होगी।

 ये हैं महत्वपूर्ण तारीखें

1 से 7 सितंबर 2026: शिक्षण संस्थान मास्टर डाटा तैयार करेंगे।

2 से 8 सितंबर: विश्वविद्यालय/एफिलियेटिंग एजेंसी फीस आदि का सत्यापन करेगी।

3 से 9 सितंबर: जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा फीस आदि का सत्यापन किया जाएगा।

3 से 10 सितंबर: विश्वविद्यालय/एफिलियेटिंग एजेंसी द्वारा रिजल्ट अपडेट किया जाएगा।

16 से 18 सितंबर: त्रुटिपूर्ण आवेदनों को शिक्षण संस्थान स्तर से सही किया जाएगा।

17 से 19 सितंबर: शिक्षण संस्थान आवेदन पत्रों का सत्यापन कर उन्हें अग्रसारित करेंगे।

विभाग के अनुसार कई छात्र-छात्राएं मास्टर डाटा लॉक न होने, आवेदन में गलत डाटा अपलोड होने, शिक्षण संस्थान द्वारा आवेदन अग्रसारित न किए जाने तथा PFMS से संबंधित समस्याओं जैसे रिस्पांस प्राप्त न होने अथवा भुगतान लंबित रहने के कारण छात्रवृत्ति से वंचित रह गए थे।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी दशमोत्तर स्तर के शिक्षण संस्थानों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे जारी समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक कार्यवाही निर्धारित अवधि में पूरी करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ मिल सके।

 छात्रों के लिए जरूरी संदेश: यदि आपका छात्रवृत्ति आवेदन पिछले सत्र में किसी त्रुटि, सत्यापन या PFMS संबंधी कारण से अटक गया था, तो संबंधित शिक्षण संस्थान से संपर्क कर अपनी स्थिति अवश्य जांच लें।