गाजीपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज, लखनऊ ने सत्र 2026 के प्रथम चरण के चयनित अभ्यर्थियों के प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 सितंबर 2026 कर दी है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक होनी थी। अब परिषद ने अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर देते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि 7 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है। प्रवेश प्रक्रिया अवकाश के दिनों में भी जारी रहेगी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जहुराबाद, तहसील कासिमाबाद, गाजीपुर में प्रवेश लेने वाले चयनित अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, तुलसीपुर, गाजीपुर में उपस्थित होकर अपना प्रवेश पूर्ण करा सकते हैं।
संस्थान प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और निर्धारित समय के भीतर संस्थान पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी या प्रवेश से वंचित होने की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित आईटीआई में समय से उपस्थित हों।

