गाजीपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (युवा) गाजीपुर एवं सवर्ण समाज के संयुक्त तत्वावधान में 11 सितंबर, शुक्रवार को कासिमाबाद में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में यूजीसी रोलबैक, आरक्षण व्यवस्था को जातिगत आधार के बजाय आर्थिक आधार पर लागू करने तथा सवर्ण आयोग के गठन समेत विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार धरना-प्रदर्शन सुबह 10 बजे कासिमाबाद में शुरू होगा। प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसके जरिए सरकार तक संगठन और सवर्ण समाज की मांगों को मजबूती से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

पदाधिकारियों ने कहा कि अपने हक और अधिकार से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने के लिए समाज की एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से निर्धारित समय पर कासिमाबाद पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की।

धरना-प्रदर्शन को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन को भी कार्यक्रम की सूचना दी जा चुकी है। अब सभी की निगाहें 11 सितंबर को कासिमाबाद में होने वाले इस प्रदर्शन पर टिकी हैं।